कनाडा में सरकार बदली, लेकिन हालात वही है। वहां कट्टरपंथी लगातार अराजकता फैला रहे हैं। ताजा मामला कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़ा है। वहां उनके ‘कैप्स कैफे’ पर लगातार हमले करने की कोशिश की जा रही है। कनाडा के सरे स्थित कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ में तीसरी बार फायरिंग हो गई है, वो भी महज तीन महीने से थोड़ा ज्यादा समय में। एक वायरल वीडियो में दिखा कि एक गाड़ी से उतरते ही गोलियां चलाई गईं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें गैंग के गुर्गे खुद जिम्मेदारी ले रहे हैं।
तीसरी फायरिंग: वीडियो में कैद हुई पूरी घटना
पिछले गुरुवार को ये तीसरी वारदात हुई। एक छोटा सा तीन सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया, जिसमें एक शूटर गाड़ी से उतरकर कैफे के कांच के फेसेड पर कई राउंड फायर करता नजर आया। वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ये डराने वाला तो है ही। कैफे पर गोलियां चलाने वाले कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के साथी कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लन हैं। एक वीडियो का टाइटल भी वायरल है – “कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा कैफे पर खालिस्तानी टेररिस्ट हरजीत लड्डी ने फायरिंग की”। लेकिन हरजीत लड्डी के बारे में ज्यादा डिटेल्स नहीं मिलीं।
सोशल मीडिया पोस्ट
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट शेयर हुआ, जो कुलवीर सिद्धू के नाम से था। उसकी डिस्प्ले फोटो लॉरेंस बिश्नोई की थी। पोस्ट में लिखा है, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज कैप्स कैफे, सरे पर फायरिंग मैं कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लन ने की। आम लोगों से कोई दुश्मनी नहीं। जो कर्ज चुकाए नहीं, धोखा दे, गैरकानूनी काम करवाकर पैसे न दे या बॉलीवुड वाले हमारे धर्म के खिलाफ बोलते हैं तो वो तैयार रहें। गोलियां कहीं से भी आ सकती हैं।” पोस्ट में ये भी कहा गया कि जिनसे दुश्मनी है, उनसे दूर रहो। इसकी सच्चाई भी कन्फर्म नहीं हुई, लेकिन ये धमकी साफ है। कपिल शर्मा का बॉलीवुड हीरो से क्लोज कनेक्शन होने की वजह से शायद ये बॉलीवुड वालों को टारगेट कर रहे हैं।
पिछली दो घटनाएं
ये पहली बार नहीं। 10 जुलाई को पहली गोलीबारी हुई, जिसमें खिड़कियां टूट गईं, लेकिन कोई घायल नहीं। फिर 7 अगस्त को दूसरी बार वही हाल। कैफे को हाल ही में दोबारा खोला गया, और सरे की मेयर ब्रेंडा लॉक ने विजिट भी किया। लेकिन ये तीसरी घटना ने सबको हिलाकर रख दिया।

















