गत मई को कटक के गतिराउत पाटना स्थित शिशु विद्या मंदिर परिसर में पूर्वक्षेत्र का कार्यकर्ता विकास वर्ग-1 (सामान्य) तथा ओडिशा पूर्व के संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) का समापन समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री रामदत्त चक्रधर ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी महान बनता है जब उसके सामान्य लोगों में राष्ट्रभक्ति व समाज को अपना मानकर उसकी सेवा करने की भावना हो।
संघ गत 100 वर्ष से ऐसे ही लोगों के निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने आगेे कहा कि संघ शक्तिशाली भारत, सशक्त भारत और महान भारत के निर्माण के लिए प्रयत्नशील है। आज समाज ने संघ के विचार को आत्मीयता के साथ स्वीकार कर लिया है।
अब संघ के लिए वातावरण अनुकूल है। देश में वर्तमान में 73,000 शाखाएं संचालित हो रही हैं। अगर मिलन कार्यक्रमों को भी जोड़ा जाए, तो यह संख्या लगभग एक लाख से अधिक हो जाती है। इस वर्ष पूर्व क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग-1 (सामान्य) में 219 शिक्षार्थी थे। संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) में 18 जिलों और एक महानगर से कुल 446 शिक्षार्थी आए थे।

















