सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त विवादों में घिर गया, जब दूल्हे की केरल से आई प्रेमिका ने वहां पहुंचकर शादी रोक दी। जब दूल्हे दिलबहार की शादी की पूरी रस्में चल रही थीं, तभी अचानक केरल की एक लड़की वहां पहुंची और दावा किया कि दिलबहार ने उससे शादी का वादा किया था और अब वह उसे धोखा दे रहा है।
शादी से पहले ही बवाल
शेरपुर निवासी दिलबहार बारात लेकर शादी के लिए पहुंचा था। जैसे ही शादी की रस्में शुरू हुईं, एक युवती ने आकर दिलबहार पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। उसने कहा कि वह दिलबहार के साथ पिछले सात सालों से रिश्ते में थी और वह केरल में फर्नीचर का काम करते वक्त दोनों की मुलाकात हुई थी।
युवती ने आरोप लगाया कि दिलबहार ने न केवल शादी का झांसा दिया, बल्कि उसका शारीरिक और मानसिक शोषण भी किया। उसने यह भी बताया कि दिलबहार ने उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया और फिर उससे रिश्ता तोड़ दिया।
फोटोग्राफ्स
युवती ने अपने दावे को प्रमाणित करने के लिए दिलबहार के साथ फोटोग्राफ्स भी दिखाए। इसके साथ ही, उसने कहा कि उसने 30 नवंबर को केरल पुलिस में दिलबहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवती के इन आरोपों से शादी का माहौल पूरी तरह से बिगड़ गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुल्हन पक्ष ने दूल्हे दिलबहार और उसके पिता जुलफान को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शादी वहीं रोक दी गई, और बारात को बिना किसी रस्म के वापस भेज दिया गया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। लेकिन युवती के आरोपों के आधार पर दूल्हे और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दूल्हे ने कबूला रिश्ता
शुरुआत में दिलबहार ने युवती के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो उसने अपने रिश्ते को स्वीकार कर लिया। युवती ने यह भी कहा कि दिलबहार पहले भी कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर धोखा दे चुका है।
दुल्हन ने तोड़ी शादी
घटना के बाद दुल्हन और उसके परिजनों ने शादी तोड़ने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस धोखेबाजी के बाद वे किसी भी कीमत पर यह शादी नहीं करेंगे। दूसरी तरफ, युवती ने कहा कि वह दिलबहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती है।
















