लखनऊ। कानपुर के पास रेल पटरी पर कालिंदी एक्सप्रेस से सिलेंडर टकराने के बाद इस घटना की गहराई से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के भोजनालय, पेट्रोल पंप, कोल्ड स्टोरेज एवं अन्य दुकानों की भी गहनता से जांच की जा रही है। इन दुकानों के आसपास की गतिविधियों को भी परखा जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। दो हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया है और इसके साथ ही करीब दो दर्जन संदिग्धों को थाने पर पकड़ कर लाया गया है। एटीएस आईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
घटनास्थल से 100 मीटर से लेकर 300 मीटर के दायरे में सीसीटीवी फुटेज को निकाला गया है। इन सभी फुटेज का गहराई से अध्ययन किया जा रहा है। आसपास के सभी दुकानदारों एवं कोल्ड स्टोरेज के मालिक से भी पुलिस ने संपर्क किया है। इन सभी लोगों से आवश्यक जानकारी हासिल की जा रही है। ट्रेन का पहिया जहां सिलेंडर से टकराया था वहां बैग में रखे हुए पाउडर, माचिस, पेट्रोल की बोतल को सुरक्षित कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने इसके केमिकल कॉम्पोनेंट्स की जांच करने का निर्णय लिया है। जल्दी ही इसकी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक एटीएस, नीलाब्जा चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इसके साथ ही एलआईयू और आईबी के अधिकारी भी घटना स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।

















