काशी तमिल संगमम का समापन 16 दिसंबर को होगा। समापन समारोह को भव्य और दिव्य बनाने के लिए गृह मंत्री अमित शाह 15 दिसंबर को काशी पहुंचेंगे। बीएचयू के एंफीथिएटर ग्राउंड में दक्षिण के दिग्गज कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दक्षिण भारत के कई सुपरस्टार कार्यक्रम में पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को औपचारिक रूप से काशी तमिल संगमम का उद्घाटन किया था।
अंतिम निशा के कार्यक्रम में इलैयाराजा की प्रस्तुतियां होंगी। समापन समारोह को भव्य बनाने के लिए आयोजकों ने दक्षिण भारत के कई सुपरस्टार से भी संपर्क किया है। इसमें रजनीकांत, थलाइबा और धनुष शामिल हैं।
उत्तर और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्वों को एक सूत्र में पिरोने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने यह पूरा कार्यक्रम तैयार किया था। आईआईटी चेन्नई और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयास से ये एक महीने तक चला। कार्यक्रम अब समापन की ओर है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एंफीथियेटर ग्राउंड में 75 स्टाल लगाकर दक्षिण के खानपान, कला, संस्कृति, साहित्य से जुड़े तमाम बातों को साझा किया गया। ताकि लोग खान-पान, वेश भूषा, कला संस्कृतियों को नजदीक से जान और देख पाएं। करीब तीन हजार से ज्यादा बुद्धिजीवी, छात्र, अध्यापक, लोक कलाकार, साहित्यकार वर्ग से जुड़े लोगों को काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण कराया गया है। दक्षिण और काशी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं।

















