श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति के बाद स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी का चयन करने के निमित गठित समिति की अनुशंसा पर चर्चा के पश्चात न्यास ने सेवा निवृत वायुसेना उपाध्यक्ष जीतेंद्र मिश्र का चयन करते हुए उन्हें इस दायित्व पर नियुक्त किया है। ऐसी आशा है कि वे शीघ्र ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। श्री मिश्र को भारतीय वायु सेना में विभिन्न विभागों में 30 वर्ष कार्य करने और नेतृत्व का लंबा अनुभव है। उन्हें सर्वोतम युद्ध सेवा मेडल का पुरस्कार मिला है जो सशस्त्र सेनाओं में सर्वोच्च मेडल है। गत वर्ष का सफल अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उन्हीं के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ था ।
न्यासी मंडल ने चयन समिति के सदस्यों में न्यायमूर्ति (सेवा निवृत) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत) विष्णुकांत चतुर्वेदी, सुरेश हावड़े और समिति के सचिव समीर पंडा के प्रति अल्पकाल में साढ़े पाँच हजार आवेदनों की जांच और सैंकड़ों आवेदकों का साक्षात्कार कर इस महती कार्य को सम्पन्न करने के लिए आभार व्यक्त किया। तीन न्यासियों के रिक्त स्थानों पर नियुक्ति पर विचार कर तीन नवीन न्यासी नियुक्त किए गए हैं। वे हैं: श्री महेश भागचंदका, श्री मदनमोहन पांडे और डॉ निर्मला यादव।
न्यास के पदाधिकारियों के दायित्व पर चर्चा
न्यास ने पदाधिकारियों के दायित्व पर भी चर्चा की। तदनुसार स्वामी गोविंददेव गिरि जी महामंत्री रहेंगे। महेश भागचंदका अब कोषाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे। न्यासी मंडल ने पिछले दो माह की कठिन एवं चुनौतीपूर्ण अवधि में महामंत्री पद का कार्यभार सफलतापूर्वक निर्वहन करने हेतु कृष्ण मोहन जी की सराहना करते हुए उनके प्रति न्यास के पदाधिकारियों ने आभार प्रकट किया।
वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखे प्रस्तुत किए गए
वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखे प्रस्तुत किए गए जिनके अनुसार, वर्ष में कुल आय रु. 239 करोड़ और व्यय रु. 91 करोड़ रहे हैं। इनके अतिरिक्त निर्माण आदि कार्यों पर करोड़ रु. 425 का पूंजीगत व्यय हुआ। वर्ष के अंत, 31 मार्च, 2026, को न्यास के पास कुल उपलब्ध राशि रु. 1862 करोड़ थी। न्यासी मंडल ने लेखों को अनुमोदित किया।
नवीन न्यासियों का संक्षिप्त परिचय
1. श्री महेश भागचंदका
स्नातक, आयु 68 वर्ष, व्यवसायी, समाजसेवी, नई दिल्ली
- पुस्तक ‘हिन्दुत्व के पुरोधा’ के लेखक
- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के भूमि-पूजन और प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रमों में यजमान की भूमिका में अनुष्ठानों में सहभागिता
- श्रीराम वन गमन यात्रा से जुड़े 292 पवित्र तीर्थस्थलों में श्रीराम स्तम्भ की स्थापना में संलग्न
- वर्ल्ड हिंदू इकनॉमिक फोरम की कार्यकारिणी के सदस्य
2. श्री मदन मोहन पांडे
- विधि स्नातक, आयु ७४ वर्ष, अधिवक्ता, अयोध्या छावनी
- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर मामले में 1990 से 2019 तक उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में पैरवी श्रीराम लला विराजमान और पूज्य महंत श्री रामचंद्र परमहंस दास जी की ओर से।
- उ.प्र. के अपर महाधिवक्ता का दायित्व 6 वर्ष
- श्री हरि सत्संग समिति के उपाध्यक्ष और अयोध्या में कथाकार योजना प्रशिक्षण केंद्र के पालक
3. डॉ निर्मला यादव
- परास्नातक (हिन्दी एवं संस्कृत), पी.एचडी, आयु 66 वर्ष, शिकोहाबाद (उ.प्र.)
- 19 वर्ष महाविद्यालय प्राचार्या का दायित्व, अब सेवानिवृत
- पी. एचडी थीसिस और एम ए की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का अनुभव
- 15 वर्ष तक विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की सदस्या
















