राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के खिलाफ पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में कड़ा एक्शन लिया है। आयोग ने तरनतारन जिले में दर्ज मामले के तहत पुलिस को 5 दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और अदालत में चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही याचिकाकर्ता को पंजाब और दिल्ली में सुरक्षा देने की सिफारिश भी की गई है।
बूटा सिंह के खिलाफ प्रयोग किए थे जातिसूचक शब्द
यह पूरा मामला पंजाब के तरनतारन जिले का है। एक चुनावी सभा के दौरान राजा वड़िंग ने देश के पूर्व गृह मंत्री बूटा सिंह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी की थी। अनुसूचित जाति समुदाय के प्रति की गई इस टिप्पणी को लेकर बवाल मच गया और मामला सीधे राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग तक जा पहुंचा। आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए सुनवाई की और इसे गंभीर अपराध माना।
नई दिल्ली में हुई सुनवाई के बाद आयोग ने साफ निर्देश दिया है कि कानून के मुताबिक इस मामले में शामिल आरोपी व्यक्तियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए. आयोग ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि 5 दिनों के भीतर गिरफ्तारी की पूरी एक्शन टेकन रिपोर्ट आयोग के सामने पेश की जाए। इसके साथ ही बिना किसी ढिलाई के मामले की जांच जल्द पूरी कर सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की सिफारिश भी की गई है।
दिल्ली और पंजाब में पुलिस सुरक्षा के आदेश
इस मामले में याचिकाकर्ता को मिल रही लगातार धमकियों पर भी आयोग ने भारी चिंता जताई है। याचिकाकर्ता ने शिकायत की थी कि केस दर्ज कराने के बाद से ही उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयोग ने पंजाब और दिल्ली दोनों जगह की पुलिस को निर्देश दिए हैं कि याचिकाकर्ता और उनके आश्रितों को तुरंत पर्याप्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। अब देखना होगा कि 5 दिन के इस अल्टीमेटम के बाद पंजाब पुलिस क्या कदम उठाती है।
दलितों के अपमान पर घिरी कांग्रेस
एक तरफ उत्तराखण्ड में दलितों के अपमान को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज हुई है तो दूसरी ओर पंजाब अध्यक्ष अपनी ही पार्टी के दलित नेता के अपमान पर घिर गए हैं। चरनजीत सिंह चन्नी को पहला दलित मुख्यमंत्री बना कर अपनी पीठ थपथपाने वाली कांग्रेस अब दलित अपमान के मुद्दे पर घिर रही है और रोचक बात है कि वर्तमान में पूर्व सीएम चन्नी भी कांग्रेस के खिलाफ बगावती मुद्रा में दिख रहे हैं।
















