रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने सोमवार को विधानसभा का घेराव किया। हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लिए बड़ी संख्या में छात्र नए विधानसभा की ओर बढ़े। छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने पुराने विधानसभा के पास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। छात्र चौथी बैरिकेडिंग भी पार कर विधानसभा से करीब 100 मीटर की दूरी तक पहुंच गए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे।
धरने पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो भी छात्रों के साथ विधानसभा के करीब पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वहीं धरना देने और विधानसभा के गेट के पास नहीं जाने का आग्रह किया। जयराम महतो ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने और संयम बनाए रखने की अपील की।
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने भी लगातार छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से कहा गया कि आंदोलन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए छात्र संयम बनाए रखें और विधानसभा की ओर आगे न बढ़ें।
प्रशासन ने मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कच्चे और पहाड़ी रास्तों से होकर आगे बढ़ गए। कई छात्र जगन्नाथ मंदिर तक पहुंच गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को पार करने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया और विधानसभा की दिशा में आगे बढ़ते रहे।
कई जगह छात्रों ने बैरिकेडिंग को हटा दिया। लगातार बढ़ती भीड़ के कारण रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल के लिए भी प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल से भी छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने में सहयोग करने का आग्रह किया।
बाबूलाल मरांडी हिरासत में, 500 से अधिक छात्रों पर कार्रवाई
विधानसभा घेराव के लिए हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरों को पार करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 500 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए गए छात्रों को बसों में बैठाकर खेलगांव स्थित कैंप जेल भेजा गया। पुलिस कार्रवाई के बावजूद आंदोलनकारी छात्रों ने आंदोलन जारी रखने की बात कही है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, दीपक प्रकाश और कई भाजपा विधायक एवं अन्य नेता मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे थे। भाजपा नेताओं ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए और सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई अन्य भाजपा नेताओं को भी पुलिस ने डिटेन कर लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं को बस से खेलगांव स्थित कैंप जेल ले जार रखा रखा गया है।
















