नई दिल्ली। खालिस्तान अलगाववादी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने अब यूरोपीय देश स्लोवेनिया के लजुब्लजाना स्थित भारतीय दूतावास परिसर को निशाना बनाया है। भारत सरकार ने इसकी कड़ी निंदा की है। भारत ने अन्य जगहों के कानून प्रवर्तन अधिकारियों से भी ऐसे समूहों की ओर से फैलाई जा रही घृणास्पद प्रचार सामग्री और गलत सूचनाओं पर ध्यान देने को कहा है।
सोशल मीडिया पर जारी सूचनाओं के अनुसार खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस का विरोध किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ और खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। वे बोर्ड भी लिए हुए थे, जिनमें आपत्तिजनक बातें लिखी हुई थीं।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार की घटना पर बयान जारी किया। कहा कि वियना कन्वेंशन के तहत राजनयिक परिसर अभेद्य और उनकी सुरक्षा अनिवार्य होनी चाहिए। वक्तव्य में कहा गया है कि हमने इस मामले को नई दिल्ली और लजुब्लजाना दोनों स्थानों पर स्लोवेनियाई अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया है ताकि ऐसे निंदनीय कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।

















