नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली की पहली महिला महापौर रहीं शकुंतला आर्या का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
हर्ष मल्होत्रा ने अपने शोक संदेश में कहा कि शकुंतला आर्या ने वर्ष 1997-98 के दौरान दिल्ली की महापौर के रूप में कार्य किया और वह दिल्ली भाजपा की पहली महिला महापौर थीं। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक के उत्तरार्ध से लेकर लगभग वर्ष 2010 तक उन्होंने पार्टी संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई।
मल्होत्रा ने कहा कि शकुंतला आर्या महिला सशक्तीकरण की सशक्त प्रतीक थीं। सार्वजनिक जीवन में उनकी सादगी, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके निधन से दिल्ली भाजपा परिवार ने एक वरिष्ठ एवं प्रेरणादायी नेता को खो दिया है।

















