पाकिस्तान अधिक्रान्त कश्मीर (POJK) में पाकिस्तानी सेना लगातार आम लोगों के साथ बर्बरता कर रही है। वहां के आम लोग रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के लिए काफी संघर्ष कर रहे हैं। लोग खाने-पीने की वस्तुओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन बदले में उन पर हमले किए जा रहे हैं। बेशर्मी की हद ये है कि अब पाकिस्तानी सेना इससे दुनिया का ध्यान हटाने के लिए अब सीमा पर गोलीबारी कर रही है। इसी क्रम में कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार रात को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी सेना की तरफ से भारी गोलीबारी हुई। यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद LoC पर पहली बार हुई भारी गोलीबारी बताई जा रही है। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
गोलीबारी कब और कहां हुई
जिला राजौरी के तरकुंडी सेक्टर में रात करीब 11 बजे पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। शुरू में भारतीय सेना ने इसे उकसावे की कार्रवाई मानकर संयम बरता। लेकिन जब गोलीबारी तेज हो गई तो भारतीय जवानों ने भी कड़ा जवाब दिया। देर रात तक रुक-रुक कर गोलीबारी चलती रही।
सैन्य अधिकारियों ने पूरे इलाके पर नजर रखी हुई है। अभी तक किसी तरह के नुकसान या हताहत की खबर नहीं आई है।
इसे भी पढ़ें: खाड़ी युद्ध: ट्रंप ईरान पर लगातार कर रहे हमले, फिर भी आम अमेरिकियों ने उन्हें दिया झटका
क्यों हुई यह गोलीबारी
पाकिस्तान की तरफ से यह गोलीबारी गुलाम जम्मू-कश्मीर (PoK) में बने हालात से लोगों का ध्यान हटाने के लिए की गई मानी जा रही है। वहां हाल ही में कुछ घटनाएं हुई हैं जिनकी वजह से स्थानीय स्तर पर असंतोष है
ऑपरेशन सिंदूर का संदर्भ
पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब LoC पर इतनी भारी गोलीबारी हुई है। उस ऑपरेशन के बाद से सीमा पर हालात अपेक्षाकृत शांत रहे थे। भारतीय सेना ने इस दौरान कई घुसपैठ के प्रयासों को नाकाम भी किया था।
मौजूदा स्थिति
गोलीबारी के बाद भारतीय सेना ने LoC पर सतर्कता और बढ़ा दी है। खासकर घुसपैठ की आशंका को देखते हुए पूरे सेक्टर में निगरानी कड़ी कर दी गई है। सैन्य अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। यह घटना राजौरी जिले के उन इलाकों में हुई जहां पहले भी कभी-कभी तनाव रहता रहा है। स्थानीय लोग इन घटनाओं से परिचित हैं, लेकिन हर बार गोलीबारी के दौरान उन्हें सावधानी बरतनी पड़ती है। अब देखना होगा कि अगले कुछ दिनों में हालात कैसे रहते हैं।
















