नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य व पर्यावरण की रक्षा की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बेहद संवेदनशील और बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने कृषि क्षेत्र में उपयोग होने वाले अत्यंत घातक खरपतवार नाशक (Weedicide) ‘पैराक्वाट डाइक्लोराइड’ (Paraquat Dichloride) पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है.
भारतीय किसान संघ (BKS) ने सरकार के इस दूरदर्शी और जनहितैषी निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है. संगठन ने इसे जहरमुक्त खेती और आत्मनिर्भर गांव की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है.
किसानों और आम जनता के स्वास्थ्य की रक्षा में बड़ा कदम
भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने सरकार के इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन लंबे समय से जहरमुक्त खेती, स्वस्थ व समृद्ध किसान और स्वावलंबी ग्रामीण भारत के लक्ष्य पर काम कर रहा है. इस दृष्टिकोण से पैराक्वाट डाइक्लोराइड जैसे कैंसरजनक रसायन पर प्रतिबंध लगाना सरकार का एक बेहतरीन और शुरुआती बड़ा कदम है.
उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी अन्य गंभीर और जानलेवा बीमारियों का जनक माना जाने वाला यह रासायनिक खरपतवार नाशक मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ हमारी कृषि भूमि और पर्यावरण के लिए भी एक गंभीर खतरा बना हुआ था. इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर केंद्र सरकार ने नागरिकों के जीवन और जन-स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.
मूंग की फसल में तेजी से बढ़ रहा था इस खतरनाक जहर का उपयोग
कृषि विशेषज्ञों और किसान संघ के अनुसार, हाल के दिनों में पैराक्वाट डाइक्लोराइड नींदानाशक रसायन का दुरुपयोग मूंग की फसल को कृत्रिम रूप से तेजी से सुखाने (Desiccation) के लिए बहुत बढ़ गया था. इसके छिड़काव के कारण मूंग के दानों में इस खतरनाक रसायन के अंश रह जाते थे, जिससे बाजार में आने वाली मूंग का सेवन आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक और जानलेवा साबित हो रहा था.
“भारतीय किसान संघ द्वारा लगातार उठाई जा रही मांगों को स्वीकार कर केंद्र सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह किसानों व आम उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। इस निर्णय से देश में गौ-आधारित जैविक, प्राकृतिक और पूरी तरह सुरक्षित पारंपरिक कृषि पद्धतियों को एक नई ताकत मिलेगी, जिससे हमारी कृषि भूमि और आने वाली पीढ़ियां दोनों सुरक्षित रह सकेंगी।”
‘ग्लाइफोसेट’ जैसे अन्य खतरनाक रसायनों पर भी बैन लगाने की मांग
इस बड़ी सफलता के बाद, भारतीय किसान संघ ने सरकार के सामने एक और महत्वपूर्ण मांग रखी है. महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने केंद्र सरकार से पुरजोर आग्रह किया है कि किसानों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को इसी तरह ध्यान में रखते हुए ‘ग्लाइफोसेट’ (Glyphosate) जैसे अन्य बेहद हानिकारक और कैंसर पैदा करने वाले खरपतवार नाशक रसायनों पर भी देश में शीघ्र से शीघ्र पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए.
किसान संघ ने सरकार के इस वर्तमान निर्णय को दूरदर्शी और जनहितैषी बताते हुए दोहराया कि देश के संपूर्ण कृषि जगत को अधिक सुरक्षित, रसायनमुक्त और समृद्ध बनाने के सरकार के हर सकारात्मक प्रयास में भारतीय किसान संघ अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए हमेशा संकल्पित रहेगा.















