नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अहमदाबाद शहर पुलिस की एक विशेष विंग ‘शी टीम’ (SHE Team) सक्रिय है। अहमदाबाद पुलिस ने नवरात्रि के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के 49 पुलिस थाना क्षेत्रों में अपनी विशेष ‘SHE Team’ को पारंपरिक चनिया-चोली (गरबा पोशाक) और सादे कपड़ों में तैनात किया है।
अंडरकवर तैनाती
महिला पुलिसकर्मी आम लोगों के बीच घुल-मिलकर और गरबा खेलते हुए छेड़छाड़, पीछा करने या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौराहों और गरबा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नवरात्रि से पहले स्कूलों, कॉलेजों, गरबा क्लासेज और सोसाइटियों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराध से बचने का तरीका बताया गया है।
सख्त कार्रवाई
गरबा खेलने की आड़ में महिलाओं की मर्जी के बिना उनका वीडियो बनाने, पीछा करने या छेड़छाड़ करने वाले संदिग्धों को रंगे हाथ पकड़कर उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा रही है। असामाजिक तत्वों या नियम तोड़ने वालों के खिलाफ मौके पर ही कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नशे में गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई
विशेष अभियान समूह की टीमें ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग करके शराब पीकर या नशे में वाहन चलाने वाले लोगों की सख्त जांच कर रही हैं। पुलिस ने शहर के अंधेरे और सुनसान इलाकों की पहले ही पहचान कर ली है और वहां सुरक्षा बढ़ाने के उचित उपाय किए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पूरे शहर में सुरक्षा और निगरानी के लिए 25 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कुल कैमरों में से 5 हजार कैमरों का लाइव तस्वीरें सीधे पुलिस नियंत्रण कक्ष तक पहुँचता है जिससे रियल-टाइम निगरानी संभव हो पा रही है।











