वाराणसी । शहर में स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। इस क्रम में ताज होटल के सामने स्थित टकसाल सिनेमा परिसर में ध्वस्तीकरण के दौरान निकलने वाले मलबे और मिट्टी को सड़क तथा पूरे मार्ग पर फैला दिया गया, जिससे क्षेत्र में भारी गंदगी और प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसे देखते हुए निगम ने टकसाल सिनेमा प्रबंधन पर 4,000 रुपये का चालान व जुर्माना लगाया।
दरअसल, ताज होटल के सामने स्थित नदेसर राजा बाजार क्षेत्र में टकसाल सिनेमा परिसर में तोड़-फोड़ व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान निकलने वाले मलबे और मिट्टी को सड़क तथा पूरे मार्ग पर फैला दिया गया, जिससे क्षेत्र में भारी गंदगी और प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्वच्छता निरीक्षण के दौरान जब यह मामला सामने आया, तो नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, संचालन एवं स्वच्छता नियमावली-2021 की धारा 46 के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आकाश राय (टकसाल) पर चार हजार रुपये का स्थलीय जुर्माना आरोपित कर चालान काटा गया तथा उक्त स्थल एवं मार्ग पर नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था शुरू कराई गई।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वाले और सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी या प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी संस्थान या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
















