आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक हिंदू महिला की बेरहमी से हत्या और उसके शव के टुकड़े-टुकड़े करने वाले मोहम्मद शफी को गिरफ्तार किया गया है। मोहम्मद शफी (35) विजयवाड़ा के भवानीपुरम में मटन की दुकान चलाता था। महिला की पहचान वल्लूरीपल्ली कल्याणी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से एलुरु जिले की रहने वाली थी और विजयवाड़ा के पास मंगलगीरी में रह रही थी।
यह मामला 18 सितंबर को सामने आया जब पुलिस को इब्राहिमपटनम थर्मल पावर स्टेशन के पास कूलिंग नहर से बिना सिर वाला धड़ मिलने की सूचना मिली। इब्राहिमपटनम पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज किया। अगले दिन, पुलिस की टीमों ने ड्रोन और एनडीआरएफ कर्मियों की मदद से नहर में तलाशी ली और पीड़िता का सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्से बरामद किए। शव के हिस्सों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि महिला का एक हाथ अभी तक नहीं मिल सका। अज्ञात शव की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद महिला की पहचान हो पाई। कल्याणी के रिश्तेदारों ने उसके हाथ पर बने टैटू को पहचाना और पुलिस से संपर्क किया, जिससे जांचकर्ताओं को उसकी पहचान करने में मदद मिली। आरोपी मोहम्मद शफी को इस मामले में रविवार (27 सितंबर) को गिरफ्तार किया गया।
पैसों को लेकर दोनों के बीच होते थे झगड़े
सहायक पुलिस आयुक्त (वेस्ट जोन) दुर्गा राव के अनुसार, जांच में पाया गया कि कल्याणी की हत्या 17 सितंबर को भवानीपुरम में आरोपी के घर पर की गई थी। शफी कुछ समय से कल्याणी के संपर्क में था और पैसों को लेकर उनके बीच झगड़ा होता था। मामला बच्चे और पैसे का था। उसने अपना बच्चा शफी को सौंपा था और बार-बार उससे पैसे मांग रही थी।
पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े किए
पुलिस के अनुसार, कल्याणी के बेटे से जुड़े एक पुराने विवाद की वजह से उनके रिश्ते में खटास आ गई थी। आरोपी मोहम्मद शफी ने 17 सितंबर, 2026 को पत्नी और बच्चों को गुंटूर भेजने के बाद कल्याणी को अपने घर बुलाया। इस दौरान पैसे और उस बच्चे को लेकर दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि शफी ने चाकू से कल्याणी पर हमला कर उसका गला काट दिया। पुलिस का आरोप है कि कल्याणी की हत्या के बाद शफी ने उसका सिर, पैर, शरीर के अन्य हिस्से काट दिए, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके और शव को ठिकाने लगाना आसान हो जाए। इसके बाद शफी ने अपनी मटन की दुकान पर काम करने वाले एक लड़के की मदद से शव के टुकड़ों को ले जाकर कूलिंग नहर में फेंक दिया।
हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सबूतों की मदद से शफी की पहचान की गई। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के दोस्त बताए जा रहे अब्दुल्ला की भी सहयोगी के तौर पर पहचान की। वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, कल्याणी का बेटा अभी शफी की बीवी के साथ है। अधिकारी बच्चे की कस्टडी के बारे में कानूनी सलाह ले रहे हैं और उसे ICDS विभाग को सौंपा जा सकता है।
ये भी पढ़ें – पहचान छिपाकर हिंदू महिला से मुस्लिम युवक ने की दोस्ती, फिर किया रेप; शाहरुख गिरफ्तार

















