भारत

Asian Games 2026: ईशा सिंह का शानदार कमबैक, 25 मीटर पिस्टल फाइनल में जीता सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता।

Published by
Mahak Singh

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए शूटिंग से बड़ी खबर आई है। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में ईशा और चीन की निशानेबाज का स्कोर 38-38 रहा, लेकिन शूटऑफ में चीनी खिलाड़ी ने बाजी मार ली। इसके बावजूद ईशा ने मुश्किल हालात से वापसी करते हुए भारत के लिए रजत पदक पक्का किया। इस मुकाबले में भारत की ओर से ईशा सिंह, मनु भाकर और राही सरनोबत मैदान में उतरी थीं। हालांकि, मनु और राही क्वालिफाइंग राउंड में ही बाहर हो गईं। इसके बाद फाइनल में भारत की सारी उम्मीदें ईशा पर टिक गई थीं।

क्वालिफाइंग में आठवें स्थान पर रहीं

महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कुल 44 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इनमें से केवल आठ खिलाड़ियों को फाइनल में जगह मिली। ईशा ने 580 अंक हासिल किए और आठवें स्थान पर रहीं। ईशा और चीनी ताइपे की येन-चिंग चेंग के अंक बराबर थे। दोनों के 580 अंक थे, लेकिन ईशा ने ज्यादा बुल्सआई लगाए। उनके 22x हिट रहे, जबकि चेंग के 20x हिट थे। इसी वजह से ईशा फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं। फाइनल में ईशा ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन तीसरी सीरीज के बाद वह चौथे स्थान पर खिसक गईं। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। नौ सीरीज के बाद उनका स्कोर दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी के बराबर 34 अंक हो गया। कांस्य पदक के लिए हुए शूटऑफ में ईशा ने बेहतर निशाना लगाया और जीत हासिल की। इसके साथ ही उनका पदक पक्का हो गया और वह गोल्ड की दौड़ में बनी रहीं।

गोल्ड मेडल के लिए ईशा और चीन की खिलाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। आखिरी सीरीज में ईशा ने पांच में से चार निशाने सही लगाए, जबकि चीनी खिलाड़ी तीन निशाने ही लगा सकीं। इसके बाद दोनों का स्कोर 38-38 हो गया। गोल्ड का फैसला शूटऑफ से हुआ, जिसमें चीन की खिलाड़ी ने बेहतर प्रदर्शन किया। ईशा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। हालांकि, क्वालिफाइंग से लेकर फाइनल तक ईशा ने जिस तरह लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, वह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है।

Share