देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना दबाव क्षेत्र अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसके चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना समेत कई राज्यों में तेज बारिश हो सकती है।
ओडिशा में बारिश को लेकर सबसे ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। राज्य के कुछ हिस्सों में 23 और 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है। 25 सितंबर को भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और समुद्र के खराब रहने की आशंका है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। बिहार में 23 सितंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 सितंबर को बारिश और बढ़ने की संभावना है। कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भी बारिश का असर
पश्चिम बंगाल, झारखंड और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और गोवा में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। यहां मौसम साफ और गर्म रह सकता है। तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हो सकती है। राजस्थान में मानसून की वापसी शुरू हो गई है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।















