नई दिल्ली: देशभर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राजस्व खुफिया निदेशालय को बड़ी सफलता मिली है। 8 राज्यों में चलाए गए विशेष ऑपरेशन के दौरान 845 किलो से अधिक गांजा, चरस और कोकीन जब्त की गई है। साथ ही 15 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ड्रग्स के खिलाफ ये कार्रवाई विभिन्न राज्यों में की गई है। इस कार्रवाई में बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और मध्यप्रदेश में कई संगठित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का खुलासा भी हुआ है।
बिहार में चावल की भूसी के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 752 किलो गांजा की खेप पकड़ी गई। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट पर 5.8 किलो कोकीन बरामद हुई। गोरखपुर में ट्रेन से 6 किलो चरस बरामद की गई। डीआरआई ने यह कार्रवाई 9 सितम्बर से 20 सितम्बर के बीच 8 राज्यों में की और नशे का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल के तहत अब तक ड्रग्स तस्करी के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरई ने 17 सितंबर को बिहार के बोधगया में बड़ी कार्रवाई की। यहां 752.3 किलो गांजा बरामद हुआ। इसे 737 पैकेट में रखा गया था और चावल की भूसी के बीच छिपाया गया था। इसी तरह से 11 सितंबर को ओडिशा से 48.5 किलो गांजा बरामद की गई। मुंबई और बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम्स अधिकारियों ने करीब 28 किलो हाई-ग्रेड कैनाबिस/हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया। 15 सितंबर को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से 5.8 किलो सफेद पाउडर बरामद हुआ।













