राजधानी दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और लड़की के साथ मौजूद उसके दोस्त को धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता सोमवार 21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे पास के एक पार्क में चले गए। इसी दौरान 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को डराने-धमकाने लगे। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद शाम करीब 8:45 बजे पार्क से PCR कॉल की गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए पार्क और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।

















