
प्रतीकात्मक चित्र
पंजाब पुलिस को नशों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) की टीम ने पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए भेजी गई 17 किलो हेरोइन की खेप शनिवार की शाम बरामद की है। इस खेप को ठिकाने लगाने के लिए निकले तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ आरंभ कर दी है। आरोपितों के कब्जे से मिले मोबाइल की पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल सीआई की टीम ने तीनों के खिलाफ स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल के थाने में एनडीपीएस एक्ट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी इंद्रदीप सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन तस्कर घरिंडा इलाके से हेरोइन की बड़ी खेप उठाकर उसे आगे सप्लाई करने की फिराक में हैं। इसके बाद सीआइ की टीम ने रास्ते में नाकाबंदी कर तीनों को धर लिया। उनके कब्जे से एक बैग बरामद किया गया। जिसमें 17 किलो हेरोइन बरामद की गई। आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि पाक तस्करों ने इस खेप को ड्रोन के जरिए भारतीय हद में गिराई थी।