नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के साथ-साथ आज संपन्न हुए विभिन्न कॉलेजों के छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महाविद्यालयों में क्लीन स्वीप किया है. कांग्रेस समर्थित NSUI और AAP की तमाम कोशिशों के बावजूद अभाविप के पक्ष में विद्यार्थियों का भारी जनसमर्थन देखने को मिला है. कॉलेज चुनावों में मिली इस प्रचंड सफलता के बाद अभाविप को डूसू के केंद्रीय पैनल में भी 4-0 के क्लीन स्वीप को लेकर पूरा भरोसा है.
प्राप्त परिणामों के अनुसार, अदिति महाविद्यालय में अभाविप ने सभी पदों पर जीत हासिल की है. इसके अलावा अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग) में अभाविप के पैनल ने 6-0, भारती महाविद्यालय में सभी 8 पदों पर तथा शिवाजी कॉलेज में 6-0 से क्लीन स्वीप दर्ज किया है. डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज के सभी चार पदों पर भी अभाविप ने कब्जा जमाया है.
प्रमुख कॉलेजों में अभाविप का परचम, डूसू पैनल को लेकर भारी उत्साह
केशव महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन प्रमुख पदों पर अभाविप प्रत्याशियों ने भारी मतों से विजय प्राप्त की है. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष, सचिव सहित दोनों सेंट्रल काउंसलर पदों पर अभाविप ने जीत दर्ज की. इसके साथ ही प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में अध्यक्ष, सचिव और दोनों काउंसलर समेत सभी पदों पर अभाविप विजयी रही है. डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में भी अध्यक्ष, मंत्री और दोनों सेंट्रल काउंसलर पदों पर अभाविप प्रत्याशियों ने भगवा परचम लहराया है.
“डूसू चुनाव राहुल गांधी की अध्यक्षता का चुनाव नहीं है, बल्कि डीयू के विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक चुनाव है। कॉलेज चुनावों में अभाविप को छात्रों का व्यापक समर्थन मिला है और डूसू में भी परिणाम 4-0 के क्लीन स्वीप के रूप में सामने आएंगे।” – सार्थक शर्मा, प्रदेश मंत्री, अभाविप दिल्ली
डूसू के केंद्रीय पैनल की बात करें तो अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ईशू मौर्य, सचिव पद की प्रत्याशी रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह के पक्ष में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है.
मतदान के दौरान गड़बड़ी के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
वोटिंग प्रक्रिया के दौरान NSUI से जुड़े लोगों पर चुनाव को प्रभावित करने के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं. दयाल सिंह कॉलेज में अभाविप के नाम और पैनल का गलत विवरण वाली पर्चियां बांटने के मामले में दो लोगों को पुलिस के हवाले किया गया, जबकि इससे पहले भी एक व्यक्ति को पकड़ा गया था. वहीं, एलसी-2 (मॉर्निंग) में फर्जी आईडी कार्ड के साथ मतदान केंद्र पर पहुंची एक छात्रा को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा, जबकि दो अन्य छात्राएं मौके से फरार हो गईं.
अभाविप ने इन सभी मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, संगठन ने अपने सभी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को दिल्ली हाईकोर्ट के सभी दिशा-निर्देशों तथा डीयू प्रशासन के नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अभाविप ने हाईकोर्ट द्वारा चुनाव प्रक्रिया और विजय जुलूस पर जारी दिशा-निर्देशों का स्वागत किया है.











