
जयपुर: मौसम विभाग ने 18 सितंबर के लिए राजस्थान में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 सितंबर को सूबे के जयपुर, उदयपुर, बारां, चुरू, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, दौसा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, जैसलमेर, अलवर और जालौर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग ने जारी किया 50 की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया है। जयपुर में 18 सितंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा। बता दें कि मौसम विभाग राजस्थान में लगातार बारिश का अलर्ट जारी करते आ रहा है। बुधवार को भी राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई थी। गुरुवार को भी बारिश का दौर चालू रहा। विभाग का कहना है कि राजस्थान में एक बार फिर से मानसून के सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावन बनी रहेगी।
बुधवार को बारिश के साथ गिरे थे ओले
मौसम विभाग का कहना है कि बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर बारिश तेज भी हो सकती है। बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई थी। अजमेर, जयपुर, माउंट आबू, डूंगरपुर और जालौर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं, राजसमंद, सीकर, ब्यावर और करौली में करीब 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई। कोटा, जोधपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और पाली में भी कई स्थानों पर करीब 2 इंच तक पानी बरसा था। श्रीगंगानगर में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे थे।