जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सोअन (Operation Soan) के दौरान दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। इन आतंकियों की पहचान मुस्तफा और सद्दाम के रूप में हुई है। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आतंकियों के एक मददगार को भी पकड़ा है।
‘भाग सकते हो, लेकिन छुप नहीं सकते’
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भाग सकते हो, लेकिन छुप नहीं सकते। ऑपरेशन सोअन के दौरान मारे गए पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की गई है। उनके पास से एक एके असॉल्ट राइफल (4 मैगजीन के साथ), एम4 कार्बाइन (3 मैगजीन के साथ), एक ग्लॉक पिस्तौल (2 मैगजीन के साथ) और 4 ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।” आतंकियों की पहचान उजागर होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उनके नेटवर्क और इलाके में उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लग गई हैं।
ऑपरेशन अभी जारी
दोनों आतंकियों को ढेर करने के बाद भी ऑपरेशन जारी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य इलाके में अन्य आतंकियों की मौजूदगी, हथियारों और दूसरे संदिग्ध सामानों का पता लगाना है।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों का मददगार होने के संदेह में एक स्थानीय युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस साल उधमपुर जिले में यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है। इससे पहले फरवरी में रामनगर के जंगलों में दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे, जिसमें पिछले कई सालों से इलाके में सक्रिय कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी शामिल था।

















