आजमगढ़, 9 सितंबर। सरायमीर थाना क्षेत्र के सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुँवर नदी के किनारे खेत में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेषों पाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में एक आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस और गोवंश वध में इस्तेमाल चापड़, दो चाकू तथा लकड़ी का ठीहा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को नदी किनारे खेत में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने पर अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ लोग वध में प्रयुक्त हथियार लेकर सदरपुर से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो चार आरोपी भागने लगे। तीन आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं, पुलिस के अनुसार, घिरे आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. साबिर (28) निवासी शाहपुर (सदरपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने तीन साथियों के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।











