नई दिल्ली: नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर राजधानी तैयार है। यह आयोजन भारत मंडपम में होने वाला है। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि और विदेशी मेहमान शामिल होंगे। इस आयोजन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं।
BRICS सम्मेलन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापाक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 7,000 सुरक्षाकर्मियों और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट से लेकर विदेशी मेहमानों के होटल और भारत मंडपम तक पूरे VVIP रूट पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर रहेगी। ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट और 35 से अधिक सड़कों को चिन्हित किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। जिसमें दिल्ली पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स, NSG, IB, SPG और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारी संभालेंगी। भारत मंडपम के आसपास करीब 5 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। सुरक्षा के बाहरी घेरे में दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। भारत मंडपम के आसपास और अंदर के हिस्सों में NSG कमांडो और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के जवान सुरक्षा संभालेंगे। BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले करीब 10 प्रमुख होटल भी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रहेंगे।

















