काशीपुर: उत्तराखंड में नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के क्रम में काशीपुर में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई की जानकारी तहसीलदार पंकज चंदोला ने दी। कार्रवाई अल्पसंख्यक विभाग, तहसीलदार पंकज चंदोला, कोतवाल हरेन्द्र चौधरी और पुलिस की टीम की मौजूदगी में की गई। जिन दो मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें मोहम्मद हनीफ सिद्दीकी मुस्लिम पूर्व माध्यमिक विद्यालय, विजयनगर तथा जामिया अरबिया उलूम, काजीबाग शामिल हैं।तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया दोनों संस्थानों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों मदरसों को सील कर दिया गया।
प्रशासन ने की सीलिंग कार्रवाई
बताया गया कि कार्रवाई से पहले संबंधित संस्थानों को नोटिस भी दिए गए थे। नोटिस के माध्यम से संस्थानों के संचालन से संबंधित आवश्यक नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रशासन ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई को उत्तराखंड में अनियमित रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पूरे उत्तराखंड में ऐसे मदरसों की जांच और अनियमितताएं सामने आने पर लगातार कार्रवाई जारी है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की टीमें संस्थानों के संचालन, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा उपलब्ध अभिलेखों आदि की जांच कर रही हैं।
काशीपुर में एक ही दिन दो मदरसों पर हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भी इसकी चर्चा रही। प्रशासन का कहना है कि नियमों के अनुसार संस्थानों का संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है और जांच के दौरान यदि किसी संस्था में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों मदरसों को सील किए जाने के बाद प्रशासन की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रह सकती है। उधर हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि जिले में 102 मदरसा संचालकों में स्वयं ही अपने मदरसे बंद किए जानी की जानकारी एफिडेविट के रूप में जिला प्रशासन की दी है।

















