नई दिल्ली: तिब्बत में गुरुवार को जोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5 थी। यह भूकंप नेपाल से सटे इलाके में आई भयानक बाढ़ के एक हफ्ते बाद आया है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था।
भूकंप में अभी तक किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है। यह भूकंप 26 अगस्त को नेपाल में आई बाढ़ के एक हफ्ते से अधिक समय बाद आया है। इससे पहले तिब्बत में ग्लेशियर के टूटने से तबाही मची थी। इस तबाही ने कस्बों और घाटियों को तहस-नहस कर दिया था। इस आपदा में हजारों लोग मारे गए थे और कई हजार लापता है।

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि नेपाल में भोटेकोशी नदी के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश की वजह से फिर से बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। हाइड्रोलॉजी और मौसम विज्ञान विभाग के बाढ़ पूर्वानुमान डिवीजन की टेक्नीशियन सरस्वती बिष्ट का कहना है कि भोटेकोशी नदी के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इससे भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों के साथ-साथ रसुवा और नुवाकोट जिलों से बहने वाली छोटी नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है।

















