सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में किया गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान को लेकर हमें सेवा कार्यो के माध्यम से जनता के बीच पहुंचना है। अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता, अधिकतम सेवा और उसका प्रभावी क्रियान्वयन ही अभियान का उद्देश्य है। आगामी दिनों में जिला स्तर पर भी कार्यशालायें आयोजित की जाएंगी। 17 सितम्बर से अभियान प्रारम्भ होगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मंडल, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ केन्द्रित कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पहला कार्यक्रम ‘‘आशीर्वाद का दिया‘‘ है, जिसके माध्यम से हमारा उद्देश्य है कि हम सभी लाभार्थियों तक पहुंचे। सभी लाभार्थियों के घर पर आशीर्वाद का दिया जले। दूसरा कार्यक्रम ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता है। 25 वर्षों तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जो सेवा कार्य और विकसित भारत की संकल्पना हम सबके सामने रखी है, उसके आधार पर सभी कॉलेजों, निजी कॉलेज, सरकारी कॉलेज में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा विगत 25 वर्षों की उपलब्धियों पर कालेज स्तर पर चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित करना और कॉलेज में ही उनकी प्रदर्शनी भी लगाना है।
नमो सेवा गाथा, नुक्कड़ नाटक
धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान के तहत नमो सेवा गाथा, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति 2 अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों आयोजित की जाएगी है, जिससे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विगत 25 वर्षों के केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार के सेवा कार्यो की प्रस्तुति करना है। प्रत्येक जिले में 18 से 20 नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतिकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगन का उत्सव कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा दीदी और बच्चों की माताओं को आमंत्रित करके सम्मान समारोह आयोजित करना हैं।
अभियान के तहत पांचवा कार्यक्रम सक्सेस स्टोरी का है। सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, ऐसे लाभार्थियों से संवाद करते हुए उनकी सक्सेस स्टोरी की रील बनानी है। केन्द्र व प्रदेश सरकार के डेवलपमेंट को इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से लोकव्यापी बनाने का काम करना है।
सेवा ज्योति यात्रा
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को जिला स्तर तथा गाँव के स्तर कर सकते हैं। ज्योति यात्रा में किसी रथ पर ज्योति रखकर यात्रा के रूप में सभी को साथ चलना है। और समापन स्थल पर कार्यक्रम आयोजित करना है। यात्रा का उद्देश्य 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और 2047 विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लेने के लिए है। एक और यात्रा गुजरात में बडनगर और वाराणसी दोनों स्थानों से ढाई-ढाई सौ वाइक के साथ निकलेगी। गुजरात से जल लेकर काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे और काशी से गंगाजल लेकर बडनगर शिवमंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के साथ एलईडी वाहन चलेगें, कई स्थानों पर जनसंवाद के कार्यक्रम भी होगे।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों के 25 सेवा कार्य हैं, जिसमें से कोई एक सेवा कार्य प्रत्येक कार्यकर्ता चुनेंगे। सेवा कार्यों का चयन विधानसभा स्तर पर करना है। सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम करना हैं। इनोवेशन चैलेंज, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा का संदेश लेकर भाजपा जनसम्पर्क व जनसंवाद करेगी।
















