
आधार कार्ड में मोबाइल नंबर कैसे बदलें?
अगर आपका मोबाइल नंबर बदल गया है और पुराना नंबर अब इस्तेमाल में नहीं है, तो उसे आधार में अपडेट कराना जरूरी है। आधार से जुड़ी कई सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आधार में पुराना नंबर दर्ज है तो ओटीपी हासिल करने में परेशानी हो सकती है। अच्छी बात यह है कि अब मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया काफी आसान हो गई है और इसके लिए आधार ऐप की मदद ली जा सकती है।
सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में आधार ऐप खोलें। ऐप में अपने छह अंकों के पिन की मदद से लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आपको कई तरह की सेवाएं दिखाई देंगी। यहां आपको ‘सेवाएं’ (Services) टैब पर जाना होगा। इसके बाद ‘मोबाइल नंबर अपडेट करें’ वाले विकल्प पर क्लिक करें और आगे बढ़ें। अब जिस नए मोबाइल नंबर को अपने आधार से जोड़ना चाहते हैं, उसे दर्ज करें। नंबर दर्ज करने के बाद आपके नए मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। इस ओटीपी को ऐप में दर्ज करके उसे सत्यापित करें। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद आपको प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए ऐप में बताए गए निर्देशों के अनुसार पलक झपकाकर (फेस ऑथेंटिकेशन) अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको ऑनलाइन भुगतान के विकल्प पर जाना होगा। मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए 75 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। आप उपलब्ध विकल्पों में से अपनी सुविधा के अनुसार पेमेंट मैथड चुनकर भुगतान कर सकते हैं। भुगतान सफल होने के बाद आपकी मोबाइल नंबर अपडेट करने की रिक्वेस्ट सबमिट हो जाएगी। इसके बाद अपडेट की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करना होगा। मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद आधार से जुड़ी जरूरी सेवाओं के लिए नए नंबर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसलिए अगर आपका मोबाइल नंबर बदल चुका है, तो आधार में भी उसे जल्द अपडेट करा लें। इससे आगे ओटीपी और आधार से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी कम होगी।