कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर एक कार्यक्रम में वामपंथियों पर कड़ा हमला बोला। जादवपुर विश्वविद्यालय (JU) के वामपंथी छात्र संगठनों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाए जाने और माओवादी नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के समर्थन में नारे लिखे जाने का मुद्दा उठाते हुए ऐसे तत्वों को विश्वविद्यालय से बाहर करने का आह्वान किया। शुभेंद्र अधिकारी ने कहा कि परिसर में अब फ्री फिलिस्तीन की जगह फ्री पीओजेके का नारा बुलंद होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता की सड़कों पर ‘आजादी’ के नारे सुनना उन्हें दुख पहुंचाता है। उन्होंने सवाल किया कि देश को आजादी मिले काफी समय हो चुका है, फिर इस तरह के नारे क्यों लगाए जा रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय की दीवारों पर ‘रेड सल्यूट किशनजी’ लिखा जाता है। किशनजी का भारतीय संविधान पर विश्वास नहीं था। ऐसे लोगों से छुटकारा पाएं।
उन्होंने देश के भीतर से उसे कमजोर करने की कोशिश करने वाले लोगों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहरी दुश्मनों से निपटने के लिए भारतीय सेना है और भारतीय वायुसेना ने भी दुश्मनों को जवाब दिया है। लेकिन देश के भीतर भी कुछ लोग राष्ट्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उनसे सावधान रहने की जरूरत है।














