गोंडा जनपद के मोतीगंज के बेलवा गांव में बारावफात के जुलूस में विवादित नारा लगाया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बारावफात के जुलूस में ई-रिक्शा पर डीजे सिस्टम और लाउडस्पीकर से गुस्ताख ए नबी की एक सजा, सर तन से जुदा नारा बजाया जा रहा था।
इसका वीडियो कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त की पहचान की। पुलिस ने बेलावा नाऊ पुरवा निवासी रियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
चौकी प्रभारी नारद मुनि कनौजिया ने तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने कहा कि जब वह ग्राम बेलावा नाऊ पुरवा में बारावफात जुलूस में शांति व्यवस्था की ड्यूटी में मौजूद थे। इस जुलूस में आयोजक रियाज अहमद ई-रिक्शा पर साउंड बाक्स को रखकर विवादित नारा बजा रहा था। रियाज अहमद हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान कर रहा था। वह सौहार्द बिगाड़ रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस घटना को एक मोबाइल फोन में रिकार्ड किया गया था। मौके पर अन्य धर्म के लोग आक्रोशित हो गए थे।

















