नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने मंगलवार को एकीकृत भुगतान इंटरफेस (UPI) के संचालन के दस साल पूरे होने पर शुभकामनाएं और बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि एक दशक पहले UPI लॉन्च किया गया था जो भारत के डिजिटल पेमेंट के सफर में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ। इसका दायरा और पहुंच ऐसी है कि हर भारतीय को इस पर गर्व होना चाहिए।
PM मोदी ने की- अपना UPI साझा करने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपना UPI अनुभव साझा करने और यह बताने की अपील की कि इसने आपकी जिदगी पर क्या प्रभाव डाला। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने X पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व UPI के 10 साल परिवर्तनकारी बदलाव के एक दशक की कहानी है।
एक साहसी सोच से लेकर डिजिटल पेमेंट की सफलता की कहानी बनने तक, यूपीआई ने हर भारतीय के लिए लेन-देन को तेज, आसान, सुरक्षित और सुलभ बना दिया है। यह डिजिटल इंडिया की ताकत है। सशक्तिकरण, समावेश और जीवन को आसान बनाने के लिए तकनीक।
UPI ने दुनिया को भारत के डिजिटल ताकत का एहसास कराया
केंद्री संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि UPI प्रधानमंत्री मोदी के उस विजन का परिणाम है, जिसमें डिजिटल भारत को हर नागरिक तक पहुंचाने का संकल्प था। आज UPI ने भारत में डिजिटल भुगतान को आसान, तेज और सुलभ बनाया है तथा दुनिया को भारत की डिजिटल ताकत का एहसास कराया है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यूपीआई उस ‘डिजिटल इंडिया’ क्रांति का प्रतीक बन गया है, जिसने भारत में डिजिटल पेमेंट को आसान, तेज और निर्बाध बना दिया है।
एकीकृत भुगतान इंटरफेस भारत की एक त्वरित भुगतान प्रणाली है। इसे नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) द्वारा 11 अप्रैल 2016 को 21 सदस्य बैंकों के साथ पायलट आधार पर लॉन्च किया गया था। इसके बाद आम जनता के लिए आधिकारिक तौर पर 25 अगस्त 2016 को शुरू किया गया था।

















