चंडीगढ़। पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव जट्टा में बीती रात एक घर पर हुए हमले में तीन व्यक्ति घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमला ग्रेनेड से किया गया है। शुक्रवार को दिन भर पुलिस ने पूरे इलाके को अपने घेरे में रखा। घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंजाब पुलिस तथा सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि सीमावर्ती गांव जट्टा में बीती रात बाइक सवारों ने एक घर पर ग्रेनेड हमला किया। हमले से हुए धमाके के चलते घर के शीशे टूट गए और परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। परिवार के एक सदस्य के मुताबिक वह अपने भाई को रोटी देने के लिए घर आया था। इसी दौरान दो अज्ञात लोग बाइक पर पहुंचे। दोनों ने मुंह कपड़े से ढके हुए थे। हमलावरों ने पहले एक ग्रेनेड घर की ओर फेंका, जिससे घर को नुकसान पहुंचा और गाड़ी के शीशे भी टूट गए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सेना तथा पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के टुकड़े तथा अन्य सामान बरामद किया है। पंजाब पुलिस ने इस बारे में कुछ नहीं बोला, लेकिन शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने मामले को सार्वजनिक कर दिया। अकाली नेता जौध सिंह समरा के मुताबिक सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव में इस तरह की घटना और पुलिस का देरी से पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। हमले के बाद स्थानीय लोगों में डर व दहशत का माहौल है।
एसपी ग्रामीण रमनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद धमाके की वजह स्पष्ट होगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















