राजस्थान के जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में एक सरकारी स्कूल को लेकर विवाद सामने आया है। स्कूल का दौरा करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम और ग्रामीणों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। टीम ने आरोप लगाया है कि गांव में मौजूद BJP से जुड़े लोगों ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि, ग्रामीणों ने इन आरोपों से इनकार किया है और उनका कहना है कि टीम बड़ी संख्या में लोगों के साथ गांव पहुंची थी।
CJP ने खुद पहुंचाया अपनी कार को नुकसान
मामला रामपुरा कंवरपुरा के सरकारी स्कूल से जुड़ा है। CJP की टीम का कहना है कि वह स्कूल की स्थिति देखने और उसे बेहतर बनाने के उद्देश्य से वहां पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया। टीम की ओर से आरोप लगाया गया कि उनके साथ हमला किया गया और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। वहीं, गांव के रहने वाले जुगल किशोर शर्मा ने टीम पर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि ग्रामीणों ने किसी के साथ मारपीट नहीं की। उनके मुताबिक, टीम करीब 200 से 250 लोगों के साथ गांव आई थी और ग्रामीणों ने उनसे केवल शांतिपूर्वक बातचीत की थी। जुगल किशोर का दावा है कि टीम ने अपनी ही कार को नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि स्कूल की मरम्मत के लिए पहले से ही करीब 12 लाख रुपये का फंड स्वीकृत है और यह काम स्थानीय विधायक के स्तर से कराया जाना है। इसी वजह से ग्रामीणों ने बाहरी राजनीतिक टीम के स्कूल दौरे का विरोध किया। गांव की एक महिला अनु शर्मा ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि गांव के स्कूल में करीब 20 से 25 बच्चे पढ़ते हैं। अगर स्कूल को गिराया जाता है तो इन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और उनके सामने दूसरी जगह जाने की समस्या खड़ी हो सकती है। महिला के मुताबिक, स्कूल की मरम्मत के लिए फंड पहले ही पास हो चुका है और ग्रामीण स्कूल को गिराने के पक्ष में नहीं हैं।
















