लद्दाख घूमने गई एक महिला का ‘हम जेन-जी हैं, बर्दाश्त नहीं करेंगे’ वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सुरक्षाकर्मियों से पूछ रही है कि मंत्री यहां से कैसे निकल गए? हम जेन-जी हैं। हम यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिर वह मौके पर मौजूद अन्य पर्यटकों से पूछती है कि आप सब बताइए, क्या आप यहां विरोध में बैठेंगे या नहीं? यहां से हम किसी भी मंत्री को नहीं निकलने देंगे।
वीडियो में महिला को सुरक्षाकर्मियों पर आगबबूला होते और आपत्तिजनक भाषा में उन पर आरोप लगाते हुए देखा जा सकता है। वह कहती है, “पांच घंटे हो गए हैं और वे हमें जाने नहीं दे रहे हैं। क्या हम यहां घूमने के लिए पैसे देते हैं या यह सब बर्दाश्त करने आते हैं? ये कश्मीरियों के साथ ऐसा करते हैं और अब बाहर से आए टूरिस्ट के साथ भी ऐसा ही कर रहे हैं।” यह घटना द्रास के मिनिमार्ग चेक पोस्ट के पास की बताई जा रही है। यहां मिनिमार्ग-जोजिला-सोनमर्ग मार्ग पर सुरक्षा कारणों से वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। ऐसे में इंतजार लंबा होने के बाद कुछ पर्यटक नाराज हो गए।
‘हम Gen-Z हैं, ने ‘जानता नहीं मेरा बाप कौन है’ जैसे डायलॉग की जगह ली’
वायरल वीडियो पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अब्दुल्ला ने एक्स पर महिला का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “हम Gen-Z हैं, ने अब कुछ हद तक ‘जानता नहीं मेरा बाप कौन है’ जैसे डायलॉग की जगह ले ली है। जेन-जी के प्रति लोगों की सकारात्मक सोच को खत्म करने का सबसे आसान तरीका है कि हर छोटी असुविधा पर इसे एक धमकी की तरह उपयोग किया जाए।” सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सुरक्षाकर्मियों को सार्वजनिक तौर पर अपमानित करने के लिए महिला की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब किताब की जगह इंस्टाग्राम ले ले तो यह हाल हो जाता है।
वीडियो 26 जुलाई का
कारगिल इलाके में इस तरह अचानक सफर में पाबंदी लगाना आम घटना है। यहां के रास्तों पर अक्सर मौसम और सुरक्षा कारणों से यात्रा बीच में रोक दी जाती है। लद्दाख पुलिस के अनुसार, यह वीडियो 26 जुलाई 2026 के आसपास का है, जब कारगिल विजय दिवस समारोह के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। इसी वजह से कुछ मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए थे।
















