देहरादून: झारखंड में परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन अब सियासी मुद्दा बन गया है। इस प्रकरण पर उत्तराखंड के स्वास्थ्य, वन मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर, झारखंड सरकार और कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक प्रहार किए।
श्री उनियाल ने कहा कि सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा मार्च किया, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि छात्रों के हित और लोकतांत्रिक अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस आज झारखंड में सत्ता में रहते हुए छात्रों पर पुलिस कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्रों पर लाठीचार्ज हो रहा था, तब कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध क्यों नहीं किया।
उन्होंने कहा कि खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर पूरे देश में घूम रहे हैं, लेकिन झारखंड में अपनी सहयोगी सरकार के खिलाफ एक शब्द भी उनके मुंह से नहीं निकला बीजेपी का आरोप है कि झारखंड में परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र लंबे समय से सवाल उठा रहे हैं और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और झारखंड सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। बीजेपी ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड बंद का भी आह्वान किया है।












