
काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी नेटवर्क और संगठित अपराध से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 140 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर सीमा पार से भेजी जाने वाली नशे की खेप को हासिल करता था। आरोपी की भूमिका बॉर्डर इलाके से हेरोइन की खेप लेने और उसे पंजाब में आगे सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचाने की थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपी के विदेशी संपर्कों और सीमा पार सक्रिय नशा तस्करों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कडय़िां जोडऩे में जुटी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क में कौन-कौन लोग हैं और क्या उसका संबंध पहले पकड़े गए नशा तस्करी नेटवर्क से है। पुलिस आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाना अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।