नागपुर (महाराष्ट्र)। भारतीय डाक विभाग, नागपुर मंडल द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आद्य संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के ऐतिहासिक नागपुर स्थित निवास “डॉ. हेडगेवार निवास” पर आधारित विशेष आवरण (Special Cover), सूचना पुस्तिका (Brochure) तथा स्थायी सचित्र डाक मुहर (Permanent Pictorial Cancellation) का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया.
इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. Mohan Bhagwat जी ने कहा कि डॉ. हेडगेवार और संघ एक-दूसरे से पूरी तरह अभिन्न हैं. डॉ. हेडगेवार जी का संपूर्ण जीवन केवल संघ कार्य और राष्ट्र सेवा के प्रति ही समर्पित था.

इसी भवन की कोठरी में विजयादशमी के दिन हुई थी संघ की स्थापना
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने ऐतिहासिक भवन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि इसी निवास स्थान की ऊपरी मंजिल पर स्थित एक छोटी सी कोठरी में विजयादशमी के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की नींव रखी गई थी.
उन्होंने कहा कि उस समय संघ एक अत्यंत छोटा पौधा था, जो आज वटवृक्ष बनकर देश-विदेश में व्यापक रूप से पल्लवित हो चुका है.
“डॉ. हेडगेवार जी के जीवन में संघ कार्य और राष्ट्र कार्य के अतिरिक्त
कोई दूसरा विषय नहीं था।”– डॉ. मोहन भागवत जी, सरसंघचालक RSS
डॉ. हेडगेवार निवास पर आधारित विशेष आवरण और सूचना पुस्तिका का लोकार्पण। pic.twitter.com/5BQ2LmayRs
— Shivam Dixit (@ShivamdixitInd) July 31, 2026
“संघ की मनुष्य निर्माण की परिणामकारक कार्यपद्धति आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि विकास के पथ पर अग्रसर अनेक देशों की आवश्यकता बनती जा रही है। समाज और विश्व में इसके प्रत्यक्ष परिणाम दिख रहे हैं। संघ का कार्य राष्ट्र सेवा का कार्य है और संघ ने कभी प्रचार या प्रसिद्धि की अपेक्षा नहीं की।” – डॉ. मोहन भागवत जी, सरसंघचालक, RSS
“गौरव का नहीं, दायित्व और उत्तरदायित्व बढ़ने का विषय”
डॉ. भागवत जी ने कहा कि विश्वभर में संघ के प्रति बढ़ती उत्सुकता और स्वीकार्यता संघ के लिए अहंकार या गौरव का विषय नहीं, बल्कि दायित्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के कई गुना बढ़ जाने का सूचक है. आज समाज के अनेक सज्जन लोग राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में सहयोग की भावना से स्वयं आगे आ रहे हैं.
उन्होंने भारतीय डाक विभाग का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष आवरण, ब्रोशर और स्थायी सचित्र डाक मुहर जारी कर डाक विभाग ने मनुष्य निर्माण के इस पावन कार्य के प्रति अपनी गहरी सद्भावना और सम्मान व्यक्त किया है. इससे संघ के ध्येय और उद्देश्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचेगी.

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख गणमान्य व्यक्ति:
- श्रीधर गाडगे: सह प्रांत संघचालक
- राजेश लोया: महानगर संघचालक
- रामचंद्र जायभाये: मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, महाराष्ट्र एवं गोवा परिमंडल
- डॉ. सुधीर जाखेरे: निदेशक, डाक सेवाएं (नागपुर क्षेत्र)
- अन्य: भारतीय डाक विभाग नागपुर के वरिष्ठ अधिकारी तथा डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर के सदस्य.
सरसंघचालक जी ने अंत में विश्वास जताया कि डाक विभाग के इस विशेष प्रयास से राष्ट्र की अपेक्षाओं के अनुरूप चरित्रवान, सक्षम और सेवाभावी नागरिकों का निर्माण और अधिक तीव्र गति से होगा.

















