
धनबाद / रांची। देशभर में लाल आतंक (नक्सलवाद) के खिलाफ जारी निर्णायक अभियान में मंगलवार का दिन सुरक्षाबलों के लिए दोहरी और ऐतिहासिक सफलता लेकर आया. सुरक्षाबलों ने भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता और ₹2.20 करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा को उसके दो प्रमुख सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है. इससे ठीक पहले दिन में सारंडा के जंगल में सक्रिय रहे 24 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर दिया था.
मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी धनबाद और गिरिडीह जिले की सीमा पर स्थित मनियाडीह क्षेत्र से हुई. वह अपने दो सहयोगियों— मेहनत उर्फ मोछू और गौरव के साथ एक टाटा मैजिक वाहन में सवार होकर गिरिडीह की ओर जा रहा था. पुलिस ने वाहन को घेरकर तीनों को दबोच लिया, जबकि दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय खुफिया एजेंसी आईबी (Intelligence Bureau) पिछले काफी समय से मिसिर बेसरा की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी. मंगलवार को आईबी से बेसरा के मूवमेंट का सटीक इनपुट मिलते ही झारखंड राज्य पुलिस मुख्यालय, सीआरपीएफ (CRPF) और झारखंड जगुआर की टीम ने एक गुप्त और संयुक्त रणनीति बनाई.
सारंडा में मंगलवार को सरेंडर करने वाले 24 नक्सलियों तथा मई माह में आत्मसमर्पण करने वाले बेसरा दस्ते के 27 कैडरों से पूछताछ में भी सुरक्षाबलों को मिसिर बेसरा के संभावित ठिकानों और मूवमेंट रूट की अहम जानकारियां हासिल हुई थीं, जिसके आधार पर यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
मिसिर बेसरा का प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास:
मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के साथ ही देश में भाकपा माओवादी संगठन का शीर्ष पोलित ब्यूरो ढांचा लगभग पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है. बेसरा संगठन का एकमात्र बचा हुआ सक्रिय पोलित ब्यूरो सदस्य था.
माओवादी संगठन के प्रमुख देव ने 22 फरवरी 2026 को सरेंडर कर दिया था, जबकि संगठन के बड़े रणनीतिकार नंबला केशव राजू उर्फ बसवा राजू को सुरक्षाबलों ने 21 मई 2025 को एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। पूर्व सचिव गणपति पिछले आठ वर्षों से लापता है। ऐसे में मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी माओवादी संगठन के ताबूत में अंतिम कील मानी जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा बल मिसिर बेसरा और उसके सहयोगियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रांची लेकर रवाना हो गए हैं, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और केंद्रीय जांच एजेंसियां उससे गहन पूछताछ करेंगी.