नई दिल्ली। सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म कर दिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उन्हें जूस पिलाकर भूख हड़ताल खत्म कराई। छात्र हितों के मुद्दे को लेकर वह पिछले 26 दिनों से अनशन पर थे।
जंतर-मंतर से उन्हें सफदरजंग अस्पताल और फिर उनके आग्रह पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म होने का वीडियो मीडिया में आया है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कड़े निर्णय लेने की बात कही है।
पीएम मोदी ने स्वस्थ रहने की कामना की
सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि मैं सोनम जी से आग्रह करता हूँ की वो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना वज़न फिर से प्राप्त करें। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूँ कि सोनम जी स्वस्थ रहें।
सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि अभी-अभी केंद्रीय मंत्री श्री जे.पी. नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की शीर्ष संस्था के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिनों बाद अपना अनशन तोड़ा है। इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने का आग्रह किया था। यह कदम कई शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। मैं बहुत जल्द एक अलग वीडियो में इन शर्तों के बारे में विस्तार से बताऊंगा। इस बीच, मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप बहुत सतर्क रहें और कहीं भी किसी भी तरह की हिंसा न होने दें।















