दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित तौर पर NEET पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ‘चलो संसद’ मार्च निकालने की तैयारी में है। कॉकरोच पार्टी की इस रैली में वामपंथी भी शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर हुड़दंग और हंगामे की आशंका के चलते दिल्ली पुलिस ने इस रैली को अनुमति नहीं दी है और पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जंतर मंतर के बाहर और संसद भवन के आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मानसून सत्र के पहले दिन को देखते हुए पुलिस वहां सतर्क नजर आ रही है।
सीजेपी को अभी पुलिस की मंजूरी नहीं मिली
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सीजेपी ने मार्च के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी है। न्यू दिल्ली इलाके में धारा 163 (पहले की धारा 144) के तहत पाबंदियां लागू हैं। इनमें चार या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने, बिना अनुमति की रैली और हथियार ले जाने पर रोक है। खासकर संसद भवन और इंडिया गेट के आसपास ये सख्ती मानसून सत्र के दौरान बरती जा रही है।
अभिजीत दीपके ने बुलाया था रात्रि जागरण
रविवार देर रात जंतर मंतर पर बैनर, नारे और बढ़ती भीड़ से जगह पूरी तरह भर गई। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार के मार्च से पहले रात भर जागरण का बुलावा दिया था। लोग वहां बैठे हुए हैं और NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं व पेपर लीक के मुद्दे पर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके सोमवार को अपने अनिश्चितकालीन अनशन के तीसरे दिन पहुंच गए। शनिवार को सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद वे अपना प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: संसद मानसून सत्र 2026 आज से शुरू: सरकार के एजेंडे में क्या-क्या? हंगामा मचाने की तैयारी में विपक्ष
वांगचुक की पत्नी का बयान
भीड़ बढ़ने के बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो ने कहा कि अगर संसद के मानसून सत्र में शिक्षा की जवाबदेही का मुद्दा उठाने का आश्वासन राजनीतिक नेता सफदरजंग अस्पताल में उनसे मिलकर दें तो वांगचुक अपना अनशन खत्म कर सकते हैं। यह बयान अस्पताल में शिफ्ट होने के एक दिन बाद आया।
संसद का मानसून सत्र आज से
ये सब कुछ ऐसे समय हो रहा है जब संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। यह 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें स्वतंत्रता दिवस के आसपास ब्रेक रहेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सत्र बुलाने की मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:15 बजे संसद भवन के हंस द्वार से मीडिया को संबोधित करेंगे। सत्र में विदेशी योगदान (नियमन) संशोधन विधेयक 2026 और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025 जैसे अहम बिल लाए जाने की उम्मीद है।















