दिल्ली

दिल्ली: महिला BLO से बदसलूकी करने, काम में बाधा डालने के आरोप में सबरीन, रहमान, आसिफ और आफताब गिरफ्तार

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह अपनी सरकारी ड्यूटी कर रही थी, तभी एक आरोपी ने उसके मना करने के बावजूद उसकी गोद में बीएलओ रजिस्टर रख कर उस पर साइन किया।

Published by
सुनीता मिश्रा

दिल्ली के चांदनी महल इलाके में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगी एक महिला बीएलओ से बदसलूकी करने और काम में बाधा डालने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद सबरीन (44), अतीक उर रहमान (58), मोहम्मद आसिफ (50) और मोहम्मद आफताब (44) के तौर पर हुई है। चारों तुर्कमान गेट इलाके के रहने वाले हैं। पीड़ित महिला पोस्ट-ग्रेजुएट स्पेशल एजुकेशन टीचर है और 5 जुलाई को फाटक तेलियान में बीएलओ के तौर पर एसआईआर के काम में लगी हुई थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंट्रल जिला के चांदनी महल स्थित फाटक तेलियान इलाके में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मोहम्मद सबरीन, अतीक उर रहमान , मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आफताब ने 5 जुलाई को स्पेशल एजुकेशन टीचर और बूथ लेवल ऑफिसर के साथ बदसूलकी की और उन्हें काम करने से रोका। हालांकि पुलिस को इस संबंध में शिकायत 15 जुलाई को मिली।

मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी की बदसलूकी

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह अपनी सरकारी ड्यूटी कर रही थी, तो आरोपियों में से एक ने उसके मना करने के बावजूद उसकी गोद में बीएलओ रजिस्टर रख दिया और उस पर साइन किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कई अन्य लोगों ने भी उसके साथ बदसलूकी की। उन्होंने एसआईआर फॉर्म लेने से इनकार कर दिया और उनके साथ गलत व्यवहार किया, जिससे उन्हें अपमानित होना पड़ा। यही नहीं आरोपियों ने उन्हें अपनी सरकारी ड्यूटी करने से भी रोका।

ADM से संपर्क करने के बाद शिकायत दर्ज हुई

पुलिस ने बताया कि शिकायत 15 जुलाई को दर्ज कराई गई थी। महिला ने पुरानी दिल्ली में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) से संपर्क किया था। उन्होंने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पीड़िता ने जांच करने वालों को बताया कि उसने अपने सीनियर अधिकारियों से आगे की कार्रवाई के बारे में बातचीत की थी, जिसकी वजह से घटना की रिपोर्ट करने में देरी हुई। शिकायत के सत्यापन और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 3(5) (साझा इरादा), 221 (जानबूझकर किसी सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालना) और 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से कहे गए अपशब्द, गंदे इशारे या अश्लील हरकत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।

8 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान

दिल्ली में मतदाता सूची पुनरीक्षण तीसरे चरण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। 30 जून से शुरू हुआ यह अभियान 8 अगस्त तक जारी रहेगा। सभी 13 जिलों में एन्युमरेशन फॉर्म बांटने का काम लगभग पूरा हो चुका है।

 

 

Share

Recent News