भारत

Today Weather: इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

अब मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

Published by
Mahak Singh

उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश कम हो गई थी। इसकी वजह से लोगों को तेज धूप, उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसी कारण पूर्वी भारत, उत्तर-पूर्व भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है। आईएमडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा सहित कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ओडिशा के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। यहां 16 और 17 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार में 16 से 20 जुलाई तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर-पूर्व भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 16 से 21 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। जहां यह बारिश गर्मी से राहत देगी, वहीं कुछ इलाकों में लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा सकती है।

Share