राजस्थान

“यहां सच्चे राष्ट्रभक्त तैयार हो रहे” : वनवासी कल्याण आश्रम पहुंचे अक्षय कुमार, छात्रावास निर्माण के लिए दिए 1 करोड़

जनजाति बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक और सशक्त कदम, श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास भवन का भूमिपूजन संपन्न

Published by
Panchjanya

उदयपुर। “सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज का समग्र उत्थान” के ध्येय को साकार करते हुए राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद्, उदयपुर द्वारा श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास के नवीन भवन का भूमिपूजन समारोह गत दिनों हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर ने बताया कि इस छात्रावास के निर्माण के लिए सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती अरुणा भाटिया की पुण्य स्मृति में एक करोड़ रुपये का सहयोग प्रदान किया। इससे पूर्व उन्होंने अपने पूज्य पिताश्री श्री हरिओम भाटिया के नाम से खेरवाड़ा में जनजाति छात्रावास निर्माण में भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।

अक्षय कुमार

यहां सच्चे राष्ट्रभक्त तैयार हो रहे हैं : अक्षय कुमार

खेरवाड़ा छात्रावास के प्रवास के दौरान अक्षय कुमार ने विद्यार्थियों के साथ आरती एवं प्रार्थना की। उनकी अध्ययन सामग्री देखी तथा उनसे आत्मीय संवाद किया। छात्रावास के अनुशासित, संस्कारमय एवं राष्ट्रभाव से ओतप्रोत वातावरण को देखकर वे अत्यंत प्रभावित हुए। विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा, “यहां सच्चे राष्ट्रभक्त तैयार हो रहे हैं।” वनवासी कल्याण आश्रम के सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने उदयपुर में अपनी माताजी के नाम से जनजाति बालिकाओं के छात्रावास निर्माण हेतु सहयोग का संकल्प लिया, जिसका भूमिपूजन गत दिनों सम्पन्न हुआ।

प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर ने कहा कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम विगत सात दशकों से जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, संस्कार एवं संगठन के विविध आयामों पर सतत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनजाति बालिकाओं को सुरक्षित, संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। यह छात्रावास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उदयपुर में अक्षय कुमार

यह छात्रावास केवल भवन नहीं, भविष्य निर्माण का केंद्र होगा

प्रांत संगठन मंत्री जगदीश कुलमी ने कहा कि समाज की उन्नति का आधार शिक्षित, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर मातृशक्ति है। यह छात्रावास केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनजाति बालिकाओं के सपनों, आत्मविश्वास, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की नई संभावनाओं का केंद्र बनेगा। यहाँ शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, चरित्र निर्माण, स्वावलंबन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कारों का विकास किया जाएगा।

समाज से सहयोग का आह्वान

कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं एवं समाजबंधुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज के सक्षम वर्ग से सेवा एवं शिक्षा के ऐसे राष्ट्रहितकारी कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज की सहभागिता से जनजाति अंचलों की प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे और वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

अपने समापन संदेश में वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास जनजाति बालिकाओं के लिए सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व निर्माण का प्रेरणास्रोत बनेगा। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का सजीव प्रतीक बनकर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। छात्रावास हिरण मगरी, सेक्टर-11, उदयपुर में है।

वरिष्ठ पदाधिकारियों के सानिध्य में सम्पन्न हुआ भूमिपूजन

भूमिपूजन कार्यक्रम प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर, प्रांत महामंत्री वीरेन्द्र प्रकाश पंचोली, प्रांत संगठन मंत्री जगदीश कुलमी, प्रांतीय निर्माण कार्य प्रभारी जगदीश प्रसाद जोशी, संरक्षक गोपाललाल कुमावत तथा कोषाध्यक्ष रमेशचंद्र मुंदड़ा के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।

ये गणमान्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में परिषद् के चिकित्सा प्रमुख डॉ. राजेश मलिक, खेल प्रमुख उदयलाल सुथार, प्रांतीय सह संगठन मंत्री हररतन डामोर, नगर सचिव संदीप पानेरी, डॉ. रामलाल, मोहन जैन सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन, शिक्षाविद्, दानदाता, परिषद् के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

Share