नई दिल्ली: साइबर ठगी के नये और तेजी से फैलते तरीके को लेकर सरकारी एजेंसी की तरफ से चेतावनी जारी की गई है। गृह मंत्रालय (MHA) के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने देशभर के लोगों को ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी है। दरअसल, साइबर ठगी के नये तरीके में WhatsApp और Telegram पर लोगों को अनजाने ग्रुप्स से जोड़कर उनको कुछ ही दिनों में पैसा दोगुना करने का लालच दिया जा रहा है। अगर आपको भी ऐसे मैसेज मिलते हैं या अनजान ग्रुप्स से जोड़ा जाता है, तो सतर्क और सावधान हो जाइए। ये मैसेज स्टॉक्स टिप्स और गारंटी में पैसे दोगुना करके वापस करने वाले हैं।
इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर ने जारी की चेतावनी
इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) का कहना है कि साइबर अपराधी वॉट्सऐप और टेलीग्राम का उपयोग कर निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे हैं। साइबर अपराधी सबसे पहले लोगों को किसी अनजान वॉट्सऐप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ते हैं। इन ग्रुपों में शेयर बाजार एक्सपर्ट्स और निवेश सलाहकार मौजूद रहते हैं। इनमें रोजाना शेयर बाजार से जुड़ी टिप्स, निवेश सलाह और फर्जी स्क्रीनशॉट शेयर किए जाते हैं। इसके साथ ही लाखों की कमाई का दावा किया जाता है। ऐसा करके वो नये लोगों का भरोसा जीतते हैं और फिर उनको करोड़ो रुपये की चपत लगा देते हैं। अगर आपको भी ऐसे ही मैसेज मिलते हैं तो फौरन सतर्क हो जाइए।
मोटे मुनाफे के नाम पर लोगों को जाल में हैं फंसाते
शुरुआत में निवेशक की छोटी रकम पर फर्जी मुनाफा दिखाया जाता है। कई बार थोड़ी रकम निकालने भी दी जाती है ताकि निवेशकों का भरोसा बढ़ सके। इसके बाद उन्हें बड़ी रकम निवेशन की सलाह दी जाती है। फिर लाखों रुपये की चपत लगा दी जाती है। अंत में ये लोग ठगी के शिकार लोगों को ब्लॉक कर देते हैं। I4C ने लोगों को जागरूक करने के लिए मुंबई के एक सेवानिवृत्त वैज्ञानिक का मामला भी साझा किया है। जिन्हें एक अनजान WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया था और फिर उनके साथ ठगी की गई थी।
अनजाने लिंक्स पर क्लिक कर न करें डाउनलोड
ठग निवेशकों को Google Play Store या Apple App Store की बजाय निजी लिंक के जरिए ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। लोग बिना जांच-पड़ताल के निवेश कर देते हैं और फिर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) का कहना है कि WhatsApp या Telegram ग्रुप में दी गई निवेश सलाह पर भरोसा न करें। Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें। अनजाने में किसी भी लिंक्स पर क्लिक न करें और न ही किसी ग्रुप्स के जरिए निवेश की सलाह लें और न ही यहां निवेश करें। अगर आपके साथ कभी कोई ठगी होती है तो फौरन साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

















