
कर्णावती में पौधरोपण करते वालंटियर्स
कर्णावती / अहमदाबाद। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर को हरियाली लोकसभा क्षेत्र बनाने के संकल्प लिया है। इसे साकार करने की दिशा में अहमदाबाद महानगर पालिका ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली भरे भविष्य के संकल्प को साकार करने के लिए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा भाडज में आयोजित महाअभियान में मियावाकी पद्धति से एक ही घंटे में 3.61 लाख पेड़ों का वृक्षारोपण करके Guinness World Record स्थापित किया गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने “मिशन फाइव मिलियन ट्रीज़” अभियान का अहमदाबाद के साइंस सेंटर से शुभारंभ कराया था। इसी अभियान के तहत अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने यह उपलब्धि हासिल की है। लगभग 91,006 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में 25,000 से ज्यादा वॉलेंटियर्स उत्साहपूर्वक जुड़े, जिसके परिणामस्वरूप विश्व रिकॉर्ड बना।
इस अभियान के तहत गांधीनगर लोकसभा में 1.25 करोड़ पेड़, तथा अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के क्षेत्र में 50 लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया है।
अहमदाबाद के भाडज में लगभग 91,006 वर्ग मीटर क्षेत्र में से 76,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक ऐतिहासिक हरियाली अभियान के आयोजन में सभी ने भागीदारी की। यहां मियावाकी पद्धति से अलग-अलग 35 स्थानीय (Indigenous) प्रजातियों के पौधों का एक ही स्थान पर एक ही घंटे में 3.61 लाख पौधों का वृक्षारोपण करके विश्व रिकॉर्ड बनाकर अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया है।
यह उपलब्धि अहमदाबाद शहर के पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण माइलस्टोन है। इस वृक्षारोपण अभियान में स्थानीय (Indigenous) प्रजातियों के पर्यावरण अनुकूल पौधों को शामिल किया गया है। ये पौधे भविष्य में जैव विविधता के संवर्धन, वायु प्रदूषण में कमी, कार्बन अवशोषण, तापमान नियंत्रण तथा शहर के हरित आवरण में उल्लेखनीय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक सहयोग से अहमदाबाद शहर में हरियाली बढ़ाने वाले ऐसे जनहितैषी अभियानों को आने वाले समय में भी और गति दी जाएगी।