उत्तर प्रदेश के वक्फ बोर्ड में हिंदू सदस्यों की नियुक्ति की जा सकती है। उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर यूपी वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन में हिंदू समाज के दो सदस्यों को भी शामिल किया जायेगा। यूपी सरकार, वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी बनाना चाहती है।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार वक्फ संपत्तियों के बेहतर रखरखाव और सुचारू प्रबंधन के उद्देश्य से वक्फ संशोधन अधिनियम लेकर आई है। संशोधित कानून में वक्फ बोर्डों में व्यापक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था की गई है, जिसमें पसमांदा मुसलमान, महिलाएं, मुस्लिम समुदाय के विभिन्न वर्गों के साथ ही गैर-मुस्लिम सदस्यों को भी शामिल करने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के विकास के लिए कभी कोई जल्दबाजी नहीं रही। वर्ष 1947 में देश आजाद होने के बाद कांग्रेस ने देश के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। जब-जब वह सत्ता में रही, उसने केवल भ्रष्टाचार और आतंकवाद को बढ़ावा दिया।















