आज के समय में लोग बेहतर नौकरी और ज्यादा सैलरी की तलाश में अक्सर कंपनी बदलते रहते हैं। नई नौकरी मिलने की खुशी के बीच कई कर्मचारी अपने पुराने पीएफ (Provident Fund) खाते को लेकर असमंजस में पड़ जाते हैं। कुछ लोग नया पीएफ अकाउंट बनने के बाद पुराने खाते का पैसा निकाल लेते हैं, जबकि यह फैसला लंबे समय में नुकसानदायक साबित हो सकता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका रिटायरमेंट फंड सुरक्षित रहे और उस पर लगातार ब्याज मिलता रहे, तो पुराने PF खाते का बैलेंस नए खाते में ट्रांसफर करना सबसे सही विकल्प है। अच्छी बात यह है कि अब यह पूरा काम घर बैठे ऑनलाइन किया जा सकता है।
कब करना चाहिए PF ट्रांसफर?
अगर आपने नौकरी बदल ली है और नई कंपनी में आपका नया PF अकाउंट बन गया है, तो पुराने खाते में जमा रकम को नए खाते में ट्रांसफर कर देना चाहिए। इसके लिए आपका UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) एक्टिव होना जरूरी है। अगर गलती से दो UAN बन गए हैं, तो पहले उन्हें मर्ज कराना होगा, तभी ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होगी। PF ट्रांसफर के लिए सबसे पहले EPFO के मेंबर पोर्टल पर जाएं और अपने UAN व पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद Online Services में जाकर One Member One EPF Account (Transfer Request) का विकल्प चुनें। यहां पुराने और नए PF खाते की जानकारी जांचें, फिर पुराने या वर्तमान नियोक्ता का चयन करें, जो आपके आवेदन का सत्यापन करेगा। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके आवेदन सबमिट कर दें। सत्यापन पूरा होने के बाद आपका पुराना PF बैलेंस नए खाते में ट्रांसफर हो जाएगा। PF ट्रांसफर के लिए आपका UAN एक्टिव होना चाहिए। आधार, पैन और बैंक खाता UAN से लिंक होना जरूरी है। इसके अलावा KYC पूरी होनी चाहिए और पुराने व नए दोनों नियोक्ताओं की जानकारी EPFO पोर्टल पर सही तरीके से अपडेट होनी चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आमतौर पर PF ट्रांसफर की प्रक्रिया 7 से 20 दिनों के भीतर पूरी हो जाती है। आवेदन की स्थिति जानने के लिए EPFO के Track Claim Status विकल्प का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा UMANG ऐप के जरिए भी ट्रांसफर का स्टेटस आसानी से देखा जा सकता है। PF का पैसा निकालने के बजाय उसे नए खाते में ट्रांसफर करना ज्यादा समझदारी भरा फैसला है। इससे आपका रिटायरमेंट फंड सुरक्षित रहता है, ब्याज का लाभ मिलता रहता है और भविष्य में PF निकासी, पेंशन व दूसरी EPFO सेवाओं का फायदा लेना भी आसान हो जाता है।













