पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल ( E 20) से गाड़ियों के नुकसान को लेकर फैलाई जा रही अफवाह पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पेट्रोल की गाड़ियों में खराबी के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। गडकरी ने कहा कि मुझे एक भी ऐसी पेट्रोल की गाड़ी दिखाइये जो एथेनॉल वाले पेट्रोल की वजह से खराब हुई हो। उन्होंने दावों को फर्जी करार दिया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सुदर्शन कॉन्क्लेव 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने एथेनॉल को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर टिप्पणी की। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे एक भी ऐसा पेट्रोल वाहन दिखाएं जिसमें एथेनॉल के कारण जंग लगा हो।
फ्यूल टैंक पर चीटियों का फर्जी दावा
एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर कई दिनों से अफवाहें फैलाई जा रही हैं। गत 16 जून को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने फैक्ट चेक कर बताया था कि फ्यूल टैंक पर चींटियों के लगने का दावा पूरी तरह से हास्यास्पद और विज्ञान के खिलाफ है। भारत पेट्रोलियम ने भी 17 जून को बताया था कि फ्यूल-ग्रेड एथेनॉल को जिस फर्मेंटेशन और इंडस्ट्रियल डिस्टिलेशन प्रोसेस से गुजारा जाता है, उसके बाद अंतिम उत्पाद में शुगर (चीनी) का एक भी अंश नहीं बचता। इसमें मिलाए जाने वाले डिनैचुरेंट्स कीटों को दूर रखते हैं।
















