तेहरान। होर्मुज पर हमले के बाद ईरान के कई शहरों में शक्तिशाली विस्फोट हुए हैं। इराक के नजफ में मौजूद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान इस अमेरिकी हमले की सूचना पाकर स्वदेश रवाना हो गए। ईरान का शीर्ष नेतृत्व इस समय अपने नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के सुपुर्द ए खाक के समारोह की रस्मों में व्यस्त है। खामेनेई का पार्थिव शरीर नजफ में है। इसके बाद इराक के कर्बला में श्रद्धांजलि सभा होनी है। ईरान के मशहद में गुरुवार को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ईरान ने तीन जहाजों पर किया था हमला
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में सैन्य हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पोस्ट पर इसकी पुष्टि की। सेंटकॉम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में कमर्शियल जहाजों पर हमला करने के लिए ईरान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ईरान ने कथित रूप पर होर्मुज से गुजर रहे तीन कमर्शियल जहाजों पर हमला किया। कमांड ने कहा कि ईरान की यह आक्रामकता संघर्ष विराम का स्पष्ट उल्लंघन है।
ईरान के इन शहरों में धमाके
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी ईरान में सिरिक और केशम के पास कई धमाके सुने गए। बंदर अब्बास के पूर्व और पश्चिम में भी धमाके हुए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, सिरिक बंदरगाह पर प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट) कमर्शियल और फिशिंग पियर्स (जहाज घाटों) से टकराए।
इससे पहले अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने मंगलवार को ईरान को जून में जारी लाइसेंस को रद्द कर दिया। अमेरिका ने यह लाइसेंस जारी कर ईरान को 21 अगस्त तक कच्चे तेल और संबंधित उत्पादों के उत्पादन, बिक्री और डिलीवरी की अस्थायी अनुमति दी थी। इस कदम से संघर्ष के अंतिम समाधान पर चल रही बातचीत के बीच तेहरान पर दबाव बढ़ गया है। ईरान ने कहा कि अमेरिका ने लाइसेंस रद्द कर एमओयू का उल्लंघन किया है। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर हमलों की निंदा की है।

















